ज्ञानपुर। पिछले साल 16 जनवरी से कोरोना वैक्सीनेशन की शुरूआत हुई है। लेकिन, कालीन नगरी में टीकाकरण के प्रति लोग सुस्त हैं। एक साल बीतने के बावजूद यहां अभी एक लाख एक हजार लोगों ने पहली डोज नहीं ली है। दूसरी डोज लेने के भी मामले में कई लोग लापरवाह हैं। हालांकि जिला प्रशासन ने ऐसे लोगों को टीका लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया है।
एक साल पहले जब टीकाकरण की शुरूआत हुई तो पहले हेल्थ केयर वर्कर, उसके बाद फ्रंट लाइन वर्कर को टीका लगाया। तीसरे चक्र में 60 साल से अधिक उम्र वालों को टीका लगाकर कोरोना से सुरक्षित किया गया। बाद में सरकार ने 45 साल से अधिक उम्र वालों को और फिर 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के युवाओं को लगाने का निर्देश जारी किया। अब 15 से 18 वर्ष की उम्र वालों को भी टीका लगाया जा रहा है। बावजूद इसके बहुत से लोग लापरवाह हैं। आंकड़ों पर गौर करें तो टीकाकरण की शुरूआत में जिले की कुल आबादी 18 लाख 34 हजार 824 मानी गई। उसके अनुसार 11 लाख 69 हजार 750 लोगों को वैक्सीनेशन का लक्ष्य रखा गया। लक्ष्य के मुकाबले 14 जनवरी तक पहली डोज 10 लाख 68 हजार 632 लोगों ने ले ली। जबकि दूसरी डोज छह लाख 30 हजार 108 लोगों ने ली है।
45 से 60 के बीच सभी ने लगवाया टीका
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो 45 साल से 60 साल के बीच दो लाख 29 हजार 615 लोगों का लक्ष्य रखा गया था। इसमें सभी ने पहला डोज लगवा ली। दूसरा डोज भी 67 फीसदी ने लगवा ली है। हेल्थ केयर वर्करों में 86.50 फीसदी ने पहली और 97 फीसदी ने दूसरी डोज लगवाई है। फ्रंट लाइन वर्करों में 98 फीसदी ने पहली व 91.33 फीसदी ने दूसरी डोज, 60 वर्ष से अधिक में 87.51 फीसदी ने पहली व 68.41 फीसदी ने दूसरी डोज भी लगवा ली है।
युवा व किशोरों में ज्यादा उत्साह
टीकाकरण को लेकर युवा और किशोरों में ज्यादा उत्साह दिखता है। 18 से 44 वर्ष के बीच वाले 87 फीसदी ने पहली और 54.01 फीसदी ने दूसरी डोज ले ली है। किशोरों का टीकाकरण तेजी से चल रहा है। 15 से 17 साल के बीच वाले एक लाख 10 हजार 689 में से 35 हजार से ज्यादा ने पहली डोज लगवा ली है। जबकि अभी 11 दिन पहले ही किशोरों का टीकाकरण शुरू किया गया है।
खोज-खोज कर लगवा रहे टीका
जो लोग भी छूटे हैं, उन्हें टीका लगवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग विशेष अभियान चला रहा है। आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम के माध्यम से गांवों में टीकाकरण के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। स्कूलों, अस्पतालों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने टीकाकरण के लिए केंद्रों पर नोडल भी नामित किया है। उप मुख्य चिकितसाधिकारी डॉ. अमित दूबे ने कहा कि 31 जनवरी तक सभी को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है।