भदोही विकास खंड के अजयपुर में शनिवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के नेतृत्व में मोरवा नदी की सफाई कार्य का शुभारंभ किया गया। अफसरों संग ग्रामीणों ने फावड़ा चलाकर श्रमदान किया। जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए सभी ने शपथ ली।
शनिवार को सुबह छह बजे ही अजयपुर गांव में मोरवा नदी के तट पर अफसरों संग ग्रामीण पहुंचने लगे। उसके बाद अफसरों और ग्रामीणों ने फावड़ा चलाकर पसीना बहाया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि जन भागीदारी से ही मोरवा नदी का जीर्णोद्धार हो पाएगा। जल संरक्षण को जन प्रिय अभियान बनाने के लिए मोरवा नदी में सफाई कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने मनरेगा मजदूरों के साथ ही आम जन से जल संचयन के लिए श्रमदान की अपील की। ताकि वर्षा ऋतु के पहले ‘कैच द रैन’ अभियान के तहत मोरवा नदी को साफ कर वर्षा जल का अधिक से अधिक संचयन हो सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए सरकार, संस्थाओं के प्रयास संग आम जनता की सहभागिता भी जरूरी है। मुख्य विकास अधिकारी भानु प्रताप सिंह ने कहा कि मोरवा नदी की सफाई से जल संचयन को बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर डीपीआरओ बालेशधर द्विवेदी, मनरेगा डीसी राजाराम, बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।