एमबीएस अस्पताल में निरीक्षण करने पहुंचे नोडल अधिकारी मुकेश चंद्रा।
- फोटो : BHADOHI
भदोही। जनपद के नोडल अधिकारी, अपर आयुक्त परिवहन मुकेश चंद्रा न सोमवार को कार्पेट एक्सपो मार्ट में बने कोविड-19 एल वन हास्पिटल, चौरी रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा भदोही नगर के एमबीएस अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों दिए जाने वाले भोजन, उनके रहने की व्यवस्था आदि की जानकारी ली। भदोही के एमबीएस अस्पताल में कोई भी व्यवस्था ठीक नहीं मिलने से वे खासे नाराज हुए। उन्होंने सीएमएस को फटकार लगाते हुए तत्काल व्यवस्था सुधार करने के निर्देश दिए साथ ही एसडीएम आशीष कुमार मिश्रा से स्थिति देखने के निर्देश दिए।
एक्सपो मार्ट में अभी मरीज भर्ती नहीं हो रहे हैं इसलिए वहां से थोड़े समय में वे स्वास्थ्य केंद्र आ गए। यहां अधीक्षक डा.वीके सिंह से मरीजों के भोजन, दवाओं की जानकारी लेने के बाद जब एमबीएस अस्पताल पहुंचे तो जल भराव, गंदगी देख भड़क गए। ओपीडी कक्ष में बाइक खड़ी देख नाराजगी जताई और पुलिस बुलाकर बाइक उनके हवाले कर दिया। वार्डों में गए तो कहीं बेड पर चादर नहीं थी तो कहीं डस्टबिन बहुत गंदा देख जवाब तलब किया।
वार्डों में प्रवेश से पूर्व सैनिटाइज करने वाली मशीन चलाकर देखना चाहते थे लेकिन चली नहीं। जल भराव के लिए सीएमएस ने नगर पालिका को दोष दिया तो उन्होंने कहा कि नगर पालिका से केवल साफ सफाई की अपेक्षा करें। बाकी देखना आपकी ही जिम्मेदारी है। यहां से जाने से पूर्व उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि समय समय पर अस्पताल का अवलोकन करें और कमियों दूर न होने पर सूचना देने को कहा। निरीक्षण के दौरान कोतवाल श्रीकांत राय भी थे।