ज्ञानपुर। जिले में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का दावा किया जाता है, लेकिन हकीकत इससे जुदा है। यहां कार्डियोलॉजिस्ट नहीं हैं। जिससे हृदय के मरीजों को वाराणसी, प्रयागराज या अन्यत्र जिले का रुख करना पड़ता है। सौ शय्या अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन क्रिटिकल यूनिट में एक पद कार्डियोलॉजिस्ट का सृजित है, लेकिन न तो भवन बना है और न ही अब तक तैनाती हो सकी है।
बदलती जीवन शैली के बीच तेजी से हार्ट के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 2024 में हृदय रोगियों की संख्या जिले में करीब 12 हजार थी जो अब बढ़कर 14 हजार तक पहुंच गई है। जिले में 70 साल से अधिक 30 हजार बुजुर्गों की संख्या है। उम्र के कारण इनमें हार्ट अटैक आने की संभावना अधिक रहती है।
महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय, सौ शय्या चिकित्सालय, महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय के अलावा सुरियावां, भदोही, डीघ, औराई, दुर्गागंज और गोपीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र है। इन केन्द्रों पर हर दिन 2000 से 2500 मरीजों की ओपीडी होती है, वर्तमान में एक भी कार्डियोलॉजिस्ट के डॉक्टर नहीं है। हृदय रोग के मरीजों को फिजिशियन से उपचार करना पड़ता है। यहां बड़े सेंटरों का रुख करना पड़ता है। स्टेमी हार्ट का इंजेक्शन लगाया जाता है। दो दशक पूर्व सिर्फ उम्रदराज ही हार्ट जैसी बीमारी की चपेट में आते थे। लेकिन बदलते जीवन शैली के बीच यह बीमारी तेजी से लोगों के बीच पैर पसार रही है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. प्रदीप यादव ने कहा कि खान-पान के कारण 30 से 40 साल उम्र के लोग भी हार्ट की बीमारी के शिकार हो रहे हैं। बुजुर्गों में इसकी संभावना अधिक रहती है।
इनसेट
बीमारी से बचें, बरतें सावधानी
नियमित रूप से व्यायाम करें।
तनाव मुक्त रहें, देर रात तक न जागें
संतुलित भोजन करें।
धूम्रपान व तंबाकू का सेवन करने से बचें।
हरी सब्जी व ताजे फल खाएं
100 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट निर्माणाधीन है। यहां कार्डियोलॉजिस्ट के एक पद सृजित है। 95 फीसदी निर्माण कार्य पूरा होते ही डॉक्टर की मांग की जाएंगी। - डॉ. ओपी शुक्ला, सीएमओ भदोही