भदोही जिले में शुक्रवार को कोरोना का एक और पॉजिटिव मरीज मिल गया। रघुरामपुर (रमईपुर) गांव के एक ही कुनबे के जिन 16 लोगों का स्वैब जांच के लिए भेजा गया था, उनमें से नौ साल का बालक पॉजिटिव मिला है। इसके साथ ही अब तक जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने वाले मरीजों की संख्या चार हो गई है।
बिहार के कटिहार का पहला मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुका है, जबकि कलूटपुर और सेमराध के मरीज मंडलीय अस्पताल में आइसोलेट हैं। कोरोना महामारी के कारण देश डेढ़ माह से लॉक डाउन है। तीसरे चरण में राहत मिलने पर दूसरे प्रांतों से बड़ी संख्या में प्रवासी जिले में पहुंच रहे हैं। तीन दिन पूर्व रघुरामपुर (रमईपुर) से एक ही परिवार के 16 लोगों को आइसोलेट किया गया था।
परिवार के एक सदस्य की मुंबई में कोरोना से मौत होने के बाद उनका दाह संस्कार कर सभी लोग गांव आए थे। सभी का स्वैब जांच के लिए भेज गया था। शुक्रवार को नौ वर्ष के एक बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी अन्य 15 की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। मामला सामने आने के बाद पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उक्त बस्ती को सील कर दिया गया।
सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि रघुरामपुर (रमईपुर) में एक बच्चे में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। कहा कि गांव में चिकित्सकीय सतर्कता बरती जा रही है। बताते चलें कि जिले में पहला पॉजिटिव दो अप्रैल को मिला था। नोएडा से लौटते समय नेशनल इंटर कॉलेज के शेल्टर होम में रखा गया था।
स्वैब जांच में पॉजिटिव मिलने पर उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसे छोड़ दिया गया। दूसरा पॉजिटिव औराई के कलूटपुर और तीसरा मरीज सेमराध में मिला था। दोनों को मंडलीय अस्पताल में आईसोलेट किया गया है। कलूटपुर के मरीज की पहली रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है जबकि दूसरी रिपोर्ट का इंतजार है।