जंगीगंज पीएचसी पर काली पट्टी बांधकर काम करते एनएचएम कर्मचारी। संवाद
- फोटो : shiv tripathi
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों ने बुधवार को जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर काली पट्टी बांधकर कार्य किया। मांग न पूरी होने पर अब अनिश्चित कालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
जंगीगंज, दुुर्गागंज, जिला अस्पताल, भदोही एमबीएस, जयरापुर आदि केंद्रों पर कर्मचारियों ने काली पटटी बांधकर काम किया। एनएचएम के जिलाध्यक्ष डॉ. विरेंद्र कुमार ने बताया कि 30 सितंबर को जिला मुख्यालय पहुंचकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित पत्र जिलाधिकारी, सीएमओ को सौंपा गया था। शासन से कुछ भी जवाब नहीं आया। बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि जिस तरह हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में संविदा कर्मियों को वेतन, महंगाई भत्ता, स्थानांतरण, ईपीएफ, सामाजिक सुरक्षा और सेवा सुरक्षा का लाभ दिया जा रहा है, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी संविदाकर्मियों को सुविधाएं प्रदान की जाएं।
इसके अलावा नियमितीकरण, समान कार्य समान वेतन, वेतन वृद्धि का लाभ देने की मांग की। इसके साथ ही छह सूत्री मांगों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता, गैर जनपद स्थानांतरण की सुविधा, अनुकंपा नियुक्ति, आउटसोर्स कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित किया जाए।