भदोही जिले में कोरोना मरीजों की संख्या का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। सोमवार को औराई के मटकीपुर में एक प्रवासी कोरोना पॉजिटिव मिला। 10 मई को मुंबई से लौटे प्रवासी मजदूर का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या आठ पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम गांव में पहुंचकर संक्रमित को मंडलीय अस्पताल भेजा, जबकि जिस क्वारंटीन सेंटर में वह रहता था। सेंटर में रह रहे 55 लोगों को आइसोलेट करने की तैयारी की जा रही है। सतर्कता के लिए गांव को चारों तरफ से बैरिकेडिंग कराकर सील कर दिया गया है।
कोरोना वायरस महामारी और लॉकडाउन के कारण दूसरे शहरों से घर आ रहे प्रवासी अब लोगों के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। सोमवार को मटकीपुर के युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। एसडीएम औराई चंद्रशेखर, सीओ लेखराज सिंह पूरा महकमा दोपहर में ही मटकीपुर के क्वारंटीन सेंटर प्राथमिक विद्यालय पहुंचा।
कोरोना पॉजिटिव युवक को विंध्याचल के मंडलीय अस्पताल में आइसोलेट किया गया। पुलिस के मुताबिक युवक मुंबई में किसी कंपनी में मजदूरी करता था। लॉकडाउन के कारण वह 10 मई को घर आया। 11 मई को सीएचसी औराई में स्क्रीनिंग कराने गया तो उसके लक्षण संदिग्ध मिले।
स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल जांच के लिए भेजा और युवक को क्वारंटीन सेंटर में रहने के लिए कहा। सोमवार को रिपोर्ट आने पर प्राथमिक विद्यालय पर 55 लोगों में मौजूद युवक को एंबुलेंस से मिर्जापुर भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमित युवक के भाई, माता-पिता का स्वैब जांच के लिए लिया।
स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशफाक ने बताया कि परिवार के सभी सदस्यों की जांच रिपोर्ट आने तक गांव सील रहेगा। गांव को सैनिटाइज कराने के साथ ही सभी की स्क्रीनिंग की जाएगी। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने युवक के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की। कहा कि उसे मिर्जापुर मंडलीय अस्पताल भेजा गया। सतर्कता के लिए गांव को सील किया गया है, हालांकि सभी जरूरी सुविधाओं के लिए सहूलियत दी जाएगी।