ज्ञानपुर। बारिश के चलते सड़कों पर कीचड़ हो गई है। इससे सोमवार को राह चलना दुष्कर हो गया था। सुरियावां और अभोली ब्लॉक की कई सड़कों के गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों की फजीहत हुई।
ज्ञानपुर ब्लॉक के बैदाखास की चार किमी सड़क के गड्ढों में पानी भरने से 12 हजार की आबादी का आवागमन प्रभावित रहा। भिडुकी गांव की एक किमी की सड़क चलने लायक नहीं रह गई थी। इससे ढाई से हजार से अधिक आबादी प्रभावित रही। सुरियावां व अभोली ब्लॉक की हरिकिरनपुर-अर्जुनपुर मार्ग तीन किमी, भदोही ब्लॉक विश्वकर्मा मंदिर से नगुआ होते हुए मुख्यालय जाने वाला करीब सात किमी मार्ग, विश्वकर्मा मंदिर-नगुआ मार्ग नहर होते हुए पिपरिस डीह व विद्यालय जाने वाला दो किमी, विश्वकर्मा मंदिर नगुआ होते हुए मोढ पुरानी बाजार जाने वाला पांच किमी, दुर्गागंज से कुढ़वा, उवारी की सात किमी मार्ग गढ्ढों से पटी पड़ी है। जिस पर एक ही दिन की बारिश के कारण पूरी तरह से जलमग्न नजर आई। इन सभी मार्गों से लगभग 18 हजार की आबादी प्रभावित है। वहीं सुरियावां ब्लॉक का छनौरा से पट्टी बेजावं तीन किमी, सुरियावां से अभिया मार्ग आठ किमी, तेजसिंहपुर से तुलापुर बहादुररान तीन किमी, अरबना तिराहे से मरदनशाहपुर घाट पांच किमी, बीसापुर से वरूणा नदी घाट दो किमी, मानशाहपुर से मंगुरा होते हुए चौगना मार्ग चार किमी, सुरियावां, भदोही मार्ग से कौड़र गेट से कौड़र गांव तक दो किमी सड़क गढ्ढा से भरी नजर आई और पूरी सड़क कीचड़ से पटी रही। इससे करीब 35 हजार की आबादी प्रभावित है। यह सभी सड़कें जौनपुर को जोड़ती है। जिससे आने-जाने में लोगों की मुसीबत बनी रही। जलनिकासी के अभाव में शहर की गलियों का यह हाल हो गया है कि पैदल चलना मुश्किल हो गया। नगर के साथ-साथ नईबाजार नगर का भी यही हाल रहा।
जगह-जगह कचरा डंप, उठने लगी दुर्गंध
भदोही नगर के कई वार्ड में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं है। छेड़ीबीर, आलमपुर नईबस्ती, बंधवा नईबस्ती, घमहापुर, जलालपुर, जलालपुर लाईनपार, पकरी में बारिश के बाद जगह-जगह डंप कूड़े से दुर्गंध उठने लगी. घमहापुर से काशीपुर की ओर जाने वाली सड़क पर रास्ते में डंप कूड़ा परेशानी का सबब बन गया है। मोहल्ले के हाजी हसीब खां ने बताया कि बारिश होने पर दुर्गंध से जीना दुश्वार हो जाता है। यही हाल बंधवा मार्ग, दरोपुर मार्ग, कोतवाली के पीछे, पकरी बस्ती के अंदर के मार्ग, हिम्मतपुर मार्ग आदि का है।
बनबड़िया रोड पर जमा कीचड़। संवाद