पाकिस्तान के पेशावर शहर के आर्मी स्कूल में मंगलवार को आतंकवादी हमले में माए गए सौ से अधिक बच्चों की आत्मा की शांति के लिए जिले के विभिन्न स्कूलों में बच्चों ने दो मिनट का मौन रखा।
आतंकवादियों की इस बर्बर कार्रवाई को कायरता का प्रतीक बताया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर बुधवार को जिले के ज्यादातर स्कूलों में छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
केशव प्रसाद राल्ही महाविद्यालय में प्राचार्य मंजूलता की देखरेख में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर आलोक त्रिपाठी, अशोक कुमार तिवारी, संजय, नीतू आदि मौजूद रहे।
वुडवर्ड पब्लिक स्कूल में प्रबंधक पुनीत मेहरा की देखरेख में छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर पेशावर में मारे गए छात्र-छात्राओं के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की।
ज्ञानपुर के कैंब्रिज एकेडमी में छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर शोक जताया। विकास जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान के स्कूल में आतंकवादी घटना दिल दहलाने वाली घटना है, अपना हित साधने के लिए मासूमों की हत्या करना कदापि उचित नहीं है।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय ज्ञानपुर में शिक्षक अखिलेश यादव के देखरेख में छात्र-छात्राओं ने मृतक छात्र-छात्राओं को श्रद्धांजलि दी। आइडियल पब्लिक स्कूल वेदपुर में छात्र-छात्राओं ने श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर प्रबंधक त्रिवेणी पाल सहित कई शिक्षक मौजूद रहे। अभोली संवाददाता के अनुसार, भावापुर स्थित श्याम माडर्न कान्वेंट स्कूल में बुधवार को छात्र-छात्राओं ने मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर प्रधानाचार्य चंद्रेश तिवारी, सुरेंद्र यादव, सुनील मिश्रा, अजीत बिंद, मुकेश उपाध्याय, कौशल आदि रहे। इसी तरह ज्ञान सरोवर निर्मलीकरण अभियान में लगे श्रमदाताओं ने संवेदना प्रकट की। कहा कि आतंकवादियों का कोई जाति-धर्म नहीं होता है।