नगर के एक निजी अस्पताल में प्रसव के दो दिन बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। सोमवार की देर रात अस्पताल पहुंचे सीएमओ डाॅ. एसके चक ने ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक के साथ ही बेहोशी के चिकित्सक पर मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। वहीं मामले की जांच के लिए एक सदस्यीय टीम का गठन किया।
भदोही नगर स्थित एक अस्पताल में बीते 11 नवंबर को निशा पटेल (30) के परिजन प्रसव कराने पहुंचे। जहां पर ऑपरेशन कर चिकित्सकों ने प्रसव कराया। इस बीच अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सोमवार को उसे वाराणसी रेफर किया दिया। रास्ते में ले जाते समय महिला की मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित परिजन अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिजनों ने इसकी शिकायत सीएमओ डाॅ. एसके चक से की। सूचना मिलते ही सीएमओ और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने तत्काल दो चिकित्सकों पर मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। मामले की जांच के लिए एक सदस्यीय टीम गठित की गई है। सीएमओ ने बताया कि मामले में ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक के साथ ही बेहोशी के चिकित्सक पर मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। मामले की जांच के लिए टीम भी गठित कर दी गई है। दोषी पाए जाने पर अस्पताल संचालक पर कड़ी कार्रवाई होगी।