ज्ञानपुर। जिले में शुक्रवार को सभी छह ब्लॉकों में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन होगा। इसमें 150 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। आयोजन को सफल बनाने की तैयारी में समाज कल्याण विभाग और बीडीओ लगे हैं। 665 शादी के लक्ष्य में 350 शादियां पिछले माह विभाग ने कराया। गरीब बेटियों के हाथ पीले करने के लिए सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना चला रही है।
शासन ने वित्तीय वर्ष में भदोही में करीब 665 शादी का लक्ष्य रखा है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में संभावित आचार संहिता लगने को देखते हुए समाज कल्याण विभाग 15 दिसंबर से पहले ही लक्ष्य को पूर्ण करने में लगा है। अक्तूबर में आयोजित विवाह में 350 शादियां कराई गईं। अब 20 नवंबर को छह ब्लॉकों में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता देवी ने बताया कि विवाह के लिए सभी ब्लॉकों में डीएम की तरफ से एक-एक नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। शासन ने सामूहिक विवाह का अनुदान 51 हजार से बढ़ाकर एक लाख कर दिया है। अब वधू के खाते में 64 हजार जाएगा। 26 हजार रुपये का उपहार दिया जाएगा जबकि 10 हजार रुपये आयोजन पर खर्च होंगे।