ज्ञानपुर। अभोली विकास खंड के कुढ़वा गांव में इंटरलाकिंग मार्ग के निर्माण में धांधली मिली है। सीडीओ के निर्देश पर कराई गई जांच में गड़बड़ी मिली है। सीडीओ ने एक्सईएन आरईएस को कार्यदायी संस्था को काली सूची में डालते हुए विधिक कार्रवाई का निर्देश दिया है।
अभोली के कुढ़वा गांव में विमलेश के घर से मिश्रा बस्ती तक इंटरलाकिंग मार्ग का काम कराया गया है। शिकायत पर सीडीओ विवेक त्रिपाठी ने जांच कराई तो निर्माण में खामियां मिली। सीमेंटेड ईंट के बजाए सामान्य ईंट से इंटरलाकिंग कार्य मिला। संबंधित संस्था की ओर से कई स्थानों पर भी इसी तरह काम कराया गया है। धांधली को संज्ञान में लेते हुए सीडीओ ने नाराजगी जताई। जांच में पाया गया कि अवर अभियंता आरईएस की ओर से बिना हकीकत देखे ही कार्यदायी संस्था को भुगतान कराने की संस्तुति कर दी। सीडीओ ने प्रकरण में अवर अभियंता आरईएस के साथ ही कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए कहा। पत्र में कहा कि उक्त काम मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में है, जिसमें कार्रवाई न होने पर आपके खिलाफ ही शासन को पत्र लिखा जाएगा।