भदोही। भदोही-वाराणसी रेल मार्ग के अभयनपुर में शुक्रवार को तड़के ट्रेन के चपेट में आ जाने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई।उसकी शिनाख्त अभयनपुर के लालता मौर्य के रूप में हुई। मृतक चार बहनों के बाद सबसे छोटा भाई था। मौत की सूचना से माता पिता अपना सुध बुध खो बैठे और भागते हुए घटना स्थल पर पहुंचे। वह ट्रैक पर कैसे पहुंच गया यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।
शुक्रवार को सुबह-सुबह कुछ लोग शौच को जा रहे थे तभी रेल पटरी पर क्षत विक्षत शव देख कर सकते में आ गए। सूचना पर पहुंची कारपेट सिटी चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान वहीं पर जुटे लोगों ने अभयनपुर के कामता प्रसाद मौर्य के पुत्र लालता प्रसाद के रूप में की।
कामता प्रसाद के पांच बच्चे हैं। इसमें चार बेटियों पर एकमात्र बेटा लालता ही था। वह एक वित्तीय संस्था में काम करता था। गांव वालों की मानें तो वह बहुत होनहार था। अब परिवार की जिम्मेदारियां भी संभाल रहा था। उसकी मौत ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है। कोतवाली प्रभारी एके त्रिपाठी ने बताया कि घटना किस ट्रेन से हुई है यह पता नहीं लग सका है। बताया कि मृतक का शरीर दो हिस्सों में मिला है। यदि परिजनों की ओर से कोई आरोप की तहरीर मिली तो उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।