भदोही जिले के कोइरौना थाना क्षेत्र के बनकट गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास जंगीगंज धनतुलसी मार्ग पर 24 फरवरी की रात में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल शख्स की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शख्स का वाराणसी के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था।
ये है पूरा मामला
थाना क्षेत्र के बहपूरा टेढी गांव निवासी जयप्रकाश यादव (41) प्रयागराज के बरौत बाजार स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय में आउटसोर्सिंग के अंतर्गत चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी थे। 24 फरवरी को वे ड्यूटी से अपने घर बाइक से जा रहे थे। इस बीच बनकट गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास रात लगभग 8 बजे सामने से आ रही पिकअप ने उनके बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वे बाइक सहित सड़क पर गिर गए।
जोरदार टक्कर में उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्से में गंभीर चोटें आईं थीं। वहीं उनके एक पैर की हड्डी भी टूट गई थी। परिजन उन्हें वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। मंगलवार की देर रात उनकी मौत हो गई। मृतक एक पुत्र और दो बेटी के पिता थे।
पत्नी बबिता, मां गुलाब देवी, पिता लालता प्रसाद यादव, भाई माया यादव सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस मामले में परिजनों ने कोईरौना थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है। शख्स की मौत के बाद गांव के पूर्व प्रधान शिवचंद्र शुक्ला समेत अन्य लोगों ने शोक जताया।