24 फरवरी को ड्यूटी से लौट रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान पांच मार्च को उनकी मौत हो गई। मृतक के घर में मातम का माहौल है।
कोइरौना थाना क्षेत्र के बनकट गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास जंगीगंज धनतुलसी मार्ग पर 24 फरवरी की रात में हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
युवक का वाराणसी के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। थाना क्षेत्र के बहपूरा टेढी गांव निवासी जयप्रकाश यादव (41) प्रयागराज के बरौत बाजार स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय में आउटसोर्सिंग के अंतर्गत चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी थे। 24 फरवरी को वे ड्यूटी से अपने घर बाइक से जा रहे थे।
इस बीच बनकट गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास रात लगभग 8 बजे सामने से आ रही पिकअप ने उनके बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वे बाइक सहित सड़क पर गिर गए। जोरदार टक्कर में उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्से में गंभीर चोटें आयी थी।
विज्ञापन
वहीं उनके एक पैर की हड्डी भी टूट गयी थी। परिजन उन्हें वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। मंगलवार की रात 9.30 बजे उनकी मौत हो गयी। मृतक एक पुत्र और दो बेटी के पिता थे। पत्नी बबिता, मां गुलाब देवी, पिता लालता प्रसाद यादव, भाई माया यादव सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
इस मामले में परिजनों ने कोईरौना थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है। युवकी की मौत के बाद गांव के पूर्व प्रधान शिवचंद्र शुक्ला समेत अन्य लोगों ने शोक जताया।