ज्ञानपुर। अब अगर किसी चालक की गलती से एक या उससे अधिक लोगों की मौत होती है तो उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया जाएगा। सड़क हादसों में होने वाली मौत पर लगाम लगाने के लिए शासन ने सख्त आदेश जारी किया है। इस पर अमल करते हुए परिवहन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ढाई महीने में 27 वाहन चालकों का लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित किया गया।
सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए यातायात माह, सड़क सुरक्षा पखवाड़ा समेत अन्य आयोजन किए जाते हैं। रोजाना 100 से 150 वाहनों का चालान भी किया जा रहा है, लेकिन अब भी चालक मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। शासन ने अब लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने पर किसी की जान जाती है तो चालक का लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित करने का आदेश जारी किया है। जिस पर परिवहन विभाग ने कार्रवाई भी शुरू कर दी है। एआरटीओ राम सिंह ने बताया कि बीते ढाई महीने में 27 ऐसे लोगों का लाइसेंस निलंबित हुआ है जो एक से ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं कर चुके हैं। उनके वाहन की चपेट में आने से किसी की मौत हो चुकी है। नियमों के अनुसार एक या एक से अधिक दुर्घटना में मृत्यु होने पर, पांच से अधिक चालान, साइलेंसर मोडिफाई सहित अन्य नियमों के उल्लंघन पर भी लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई हो रही है। एक से पंद्रह जुलाई तक सात वाहनों के लाइसेंस निलंबित हुए हैं। यह कार्रवाई पुलिस रिपोर्ट और दुर्घटना के तथ्यों के आधार पर की गई। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग का उद्देश्य कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। ताकि दुर्घटनाओं में कमी आए और लोगों का जीवन सुरक्षित रह सके।