ज्ञानपुर/सरोई। माह-ए-रमजान के आखिरी जुमा और ईद पर्व शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए रविवार को एसपी डॉ.अनिल कुमार ने कोतवाली गोपीगंज में मौलानाओं के साथ बैठक की। भदोही कोतवाली के सरोई बाजार, रजपुरा चौराहा पर जवानों ने रूट मार्च कर लोगों को सुरक्षा का अहसास कराया।
एसपी ने कहा कि आखिरी जुमा की नमाज 29 अप्रैल को अदा की जाएगी। मस्जिदों में जगह की कमी होने पर नमाज सड़कों पर अदा की जा सकती है। इस दौरान इस बात का ध्यान रहे कि यातायात में किसी तरह की परेशानी न आए। बताया कि शनिवार को मुख्यालय पर हुई शांति समिति की बैठक में नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का पालन शुरु किया गया है। पर्व और त्योहार भाईचारा को बढ़ाने, गंगा-जमुनी तहजीब कायम रखने का सशक्त माध्यम है। बैठक में प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह, उप निरीक्षक संतोष कुमार राय, अजय राय, सरवर खान, गुड्डू चौधरी, मोहम्मद अली आदि रहे। परशुराम जयंती और ईद पर्व को लेकर सुरियावां पुलिस ने नेतानगर, रामबाग, पुरानी बाजार चौक आदि स्थानों पर रूट मार्च किया। प्रभारी निरीक्षक भुवनेश्वर पांडेय ने हिदायत दी है कि किसी तरह की दखलंदाजी होने पर कार्रवाई की जाएगी।