ज्ञानपुर। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार को आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनीर में कालीन नगरी के लोगों की भी निगाह लगी रही। जिले में कौन से निवेशक को जगह मिलती है, यहां किस तरह के उद्योग नए लगते हैं। शाम तक लोग उद्योग विभाग से लगायत अपने करीबी उद्यमियों से भी जानकारी लेते रहे, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। उधर, उद्योग विभाग का मानना है कि यहां उद्योग लगाने के लिए कई निवेशकों ने चर्चा की है। बस जमीन का मामला है, जमीन मिलते ही निवेशक आने लगेंगे।
भदोही जिले के मखमली कालीनों को दुनिया भर में जाना जाता है। एक जिला एक उत्पाद में भी भदोही के कालीन को ही शामिल किया गया है। ओडीओपी की बदौलत यहां कई छोटे-छोटे कारोबारियों ने अपना उद्योग भी स्थापित किया और हजारों लोगों को रोजगार दिया है। उसी में से दो कारोबारियों को लखनऊ बुलाया गया था। दोनों ने वहां अपना स्टॉल लगाया था। उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप ने बताया कि भदोही में कई निवेशक आने के लिए तैयार हैं। बस जमीन का मामला चल रहा है। उनको जितनी जमीन चाहिए और लोकेशन के हिसाब से वह नहीं मिल पा रही है। प्रयास चल रहा है। कुछ जमीन है जल्द ही इस मसले को हल कर लिया जाएगा। यहां भी निवेशक आएंगे और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।