संयुक्त शिक्षा निदेशक बेसिक शिक्षा स्कंद शुक्ला ने बृहस्पतिवार को दो कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों सहित छह प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। स्कूलों में पठन-पाठन के अलावा सुविधाओं की जानकारी लेकर व्यवस्था का जायजा लिया। छतमी स्कूल में कमियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही 15 दिनों में सुधार न होने पर सभी स्टाफ पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे जिले में पहुंचे निदेशक स्कंद शुक्ला ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय डीघ व ज्ञानपुर, प्राथमिक विद्यालय ऊंज, कंपोजिट विद्यालय वहिदानगर, प्राथमिक विद्यालय छतमी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोपीगंज और काली मोहाल का निरीक्षण किया। छतमी में पठन-पाठन संग अन्य सुविधाओं की जानकारी लेकर व्यवस्था का जायजा लिया। यहां व्यवस्था में कमियां मिलीं। इस पर हेडमास्टर सहित अन्य शिक्षकों को 15 दिन में कार्यप्रणाली में सुधार की चेतावनी दी। प्राथमिक विद्यालय ऊंज में गेट न होने से अक्सर हो रही चोरी की बात सामने आई। जिस पर ग्राम प्रधान, पुलिस से सामंजस्य बिठाने, समय-समय पर अभिभावकों संग बैठक कराने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने बताया कि काली मोहाल में शिक्षिका रचना शर्मा और प्रियंका मोदनवाल की मेहनत से बेहतर पठन-पाठन मिला। इस मौके पर बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह, डीसी राजकुमार सिंह आदि मौजूद रहे। बीएसए ने बताया कि शासन की ओर से स्कूलों की जांच के लिए संयुक्त निदेशक को नामित किया गया है।