सुरियावां। अभियां बाजार के एक आभूषण व्यापारी का बदमाशों ने बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। बदमाशों ने कारोबारी के परिवार वालों को फोन कर दो लाख रुपये फिरौती मांगी है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। केस दर्ज नहीं हुआ था।
अभियां बाजार निवासी सत्य नारायण वर्मा की बाजार में आभूषण की दूकान है। घर वालों के अनुसार बृहस्पतिवार को कुछ लोगों ने उनके मोबाइल पर फोन कर दूकान से थोड़ी दूर बकाया देने के लिए बुलाया। व्यापारी के पहुंचने पर बदमाश उन्हें जबरन बोलेरो में बैठाकर उठा ले गए। बदमाशों ने व्यापारी के मोबाइल फोन से ही उनके परिवारवालों को फोन कर दो लाख की फिरौती मांगी। बदमाशों ने फिरौती की रकम जौनपुर के बादशाहपुर में लेकर आने के लिए कहा। इसके बाद व्यापारी के घर वालों ने पुलिस को सूचना दी।
इस पर सीओ भदोही परमहंस मिश्रा और सुरियावां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मामला सुलझता न देख एसपी डॉ. अरविंद भूषण पांडेय और क्राइम ब्रांच प्रभारी एके राय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्राइम ब्रांच के मुताबिक व्यापारी के मोबाइल फोन का लोकेशन प्रतापगढ़ के रानीगंज में मिल रहा है। इस बारे में क्षेत्राधिकारी परमहंस मिश्र ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।