ज्ञानपुर। जागरूकता और कार्रवाई के बावजूद लोग हेलमेट नहीं लगाना चाहते हैं। इसका खामियाजा जान गंवाकर चुकानी पड़ती है लेकिन लोग चेत नहीं रहे हैं। ज्यादातर युवा बगैर हेलमेट के बाइक चला रहे हैं। हेलमेट नहीं लगाने पर 16772 लोगों का चालान हुआ। इसके बावजूद ज्यादातर लोग बगैर हेमलेट के चल रहे हैं। इस साल 101 मौतें हो चुकी हैं।
पुलिस व यातायात विभाग की ओर से नवंबर माह में चले यातायात माह के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन में 21671 लोगों का चालान किया गया। उनसे 9 लाख 93 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। सबसे अधिक 16772 चालान हेलमेट न लगाने पर हुआ जबकि बाइक पर तीन सवारी बैठाने पर 784 लोगों का चालान किया गया। बाइक पर चलने वालों को पुलिस विभाग की ओर से जागरूक करने के लिए हेलमेट तक दिए गए लेकिन इससे भी स्थिति नहीं सुधरी है।
यातायात में पुलिस व यातायात की टीम ने जगह-जगह अभियान चलाकर न सिर्फ लोगों को जागरूक किया। यातायात नियमों की जानकारी दी। चालान भी किया। लोगों को समझाया कि यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण हर साल बड़ी संख्या में युवाओं की मौत होती है। इसके बावजूद कोई फर्क नहीं पड़ा। दुपहिया चालकों में सबसे 70 फीसदी चालान युवाओं का हुआ।
जनवरी से लेकर नवंबर माह तक जिले में 215 दर्घटनाएं हुईं, जिन 101 लोगों की मौत हुई। 121 लोग घायल हुए। इसमें मरने वालों में 59 युवा शामिल हैं, जिनमें ज्यादातर की जान हेलमेट न लगाने की वजह से हुई।
नवंबर माह में हुए चालान का विवरण
नियम - चालान - जुर्माना
सीटबेल्ट - 192 - 35000 रुपये
हेलमेट - 16772 - 272000 रुपये
ओवर स्पीड - 13 - 10000 रुपये
तीन सवारी - 784 - 25000 रुपये
फोन पर बात - 96 - 15000 रुपये
नशे की हाल में - 08 - 10000 रुपये
गलत दिशा पार्किंग - 157 - 3690 रुपये
अन्य - 1057 - 100100 रुपये
यातायात माह का उद्देश्य लोगों में जागरूकता लाना था। अगर लोग यातायात नियमों का उल्लंघन करेंगे तो इससे उनका ही नुकसान होगा। आगे भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। - शशिकांत यादव, यातायात प्रभारी।
-