ज्ञानपुर। एसपी अभिनव त्यागी ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद करेंगे। इसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक से पुलिसिंग को बढ़ावा देना है।
एसपी ने बताया कि ये इंटरसेप्टर वाहन स्पीड लेजर गन, उच्च-रिजॉल्यूशन कैमरा और नाइट विजन कैमरा से लैस हैं। इनमें स्वचालित नंबर प्लेट पहचान प्रणाली (एएनपीआर), वीडियो रिकॉर्डिंग प्रणाली और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) भी है। ब्रेथ एनलाइजर, अल्कोहल मीटर, चेतावनी बत्ती और हूटर जैसे उपकरण भी इनमें शामिल हैं। इस तकनीकों से यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी। वाहनों का उपयोग प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों तथा नगर क्षेत्रों में किया जाएगा। तेज गति, शराब पीकर वाहन चलाने, लापरवाही और स्टंट ड्राइविंग पर कार्रवाई होगी। ध्वनि प्रदूषण और प्रदूषणकारी वाहनों पर भी नजर रखी जाएगी।
एसपी ने बताया कि जिले में शून्य मृत्यु दर जिला (जेडएफडी) अभियान के तहत गोपीगंज, औराई और भदोही क्षेत्र में विशेष अभियान चलेंगे। इसका लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इंटरसेप्टर वाहनों का संचालन पारदर्शिता और दक्षता से हो। कहा कि नियम तोड़ने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए और आमजन को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक भी किया जाए।