भदोही एमबीएस अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मरीजों के बेड के निचे भरा पानी। संवाद
भदोही। जिले में मंगलवार को हुई 44 मिमी बारिश ने नगर पालिका के दावों की पोल खोल दी। भदोही नगर के पांच वार्डों में बाढ़ जैसे हालात हो गए। जिले के दूसरे सबसे बड़े अस्पतालों में शामिल महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में पानी भर गया। अस्पताल व सड़कों पर घुटनों तक लगे पानी से पूरे दिन ओपीडी नहीं हो सकी। तीन से चार मरीज अस्पताल के वार्ड में फंस गए।
जलभराव से करीब 40 हजार की आबादी प्रभावित रही। नगर पालिका की तरफ से तीन से चार पंप लगवाकर पानी निकाला गया। इसके बाद भी पूरे अस्पताल व नगर में दुश्वारियों का आलम रहा। जिले में रात करीब 12.30 बजे से शुरू हुई बारिश कभी तेज तो कभी धीमी गति से पूरी रात होती रही। दोपहर 12 बजे तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। बारिश के बाद भदोही नगर पालिका की जलनिकासी की व्यवस्था की पोल खुल गई। स्थिति यह हो गई कि नगर पालिका के पांच से छह वार्डों में पूरी तरह से बारिश की पानी भर गया। कहीं घुटने तक तो कहीं कमर तक पानी लग गया। जल निकासी के पर्याप्त इंतजाम न होने से नगर पालिका के वार्ड नंबर 28 जमुन्द अंबरनीम, वार्ड नंबर 6 जलालपुर (स्टेशन रोड), वार्ड नंबर 10 मर्यादपट्टी, वार्ड नंबर 5 अहमदगंज गजिया, वार्ड नंबर 2 मामदेवपुर समेत अन्य कुछ वार्डों में घुटने से अधिक तक पानी लग गया। स्थिति यह हो गई कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। कई लोगों के दुकानों में बारिश का पानी प्रवेश करने लगा। बारिश के बाद पानी स्टेशन रोड स्थित महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल के अंदर तक घुस गया। इससे पूरी व्यवस्था की चरमरा गई। अस्पताल के अंदर वार्ड में भर्ती चार से पांच मरीज व उनके परिजन किसी तरह से पूरा दिन वहां गुजारे। इधर वार्ड के लेबर रूम, इमरजेंसी, सीएमएस कक्ष के अलावा अन्य सभी वार्डों में बारिश का पानी प्रवेश कर गया था। एमबीएस में रोजाना 700 से 800 की ओपीडी होती है। बारिश के बाद ओपीडी पूरी तरह से प्रभावित रही।
जिले में मंगलवार को हुई बारिश के बाद जिले भर में जलभराव की स्थिति बनी रही। ग्रामीण इलाकों की कई बस्तियां बारिश के पानी में डूब गईं। इससे सुरियावां, दुर्गागंज, अभोली, नागमलपुर, देवनाथपुर, सर्रोई, चौरी, घोसिया, गोपीगंज समेत कई गांवों की बस्तियों में पानी भर गया। जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। गांवों में बारिश से सड़कें व पटरियां डूब गईं। लोग किसी तरह से घरों से निकल तक गंतव्य तक पहुंच सके। मंगलवार को सीजन की सबसे अच्छी बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। वहीं उमस भरी गर्मी से भी लोगों को राहत मिली। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजीत चतुर्वेदी ने बताया कि जिले में करीब 44 मिमी बारिश हुई। बारिश से तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में बारिश की संभावना बन रही है। सोमवार की अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस था। भदोही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दयाशंकर वर्मा का कहना है कि नगर की नालियों में ढांचागत सुधार की जरूरत है। हर साल बारिश में इस तरह की समस्या पैदा होती है। नगर भर में चार पंप लगाकर पानी निकाला जा रहा है। अब तक नगर के प्रमुख वार्डों व अस्पताल का पानी निकाला जा चुका है। वहीं अन्य जगहों पर जहां जलभराव की सूचना मिल रही है, वहां भी टीम पहुंच रही है। आगे इस समस्या के समाधान के लिए एक बड़ी परियोजना बनाई जाएगी।