मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को महिला पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए जागरूकता अभियान चलाया। महिला थाना प्रभारी सीमा सिंह के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीमों ने शिक्षण संस्थानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं व बालिकाओं से संवाद किया।
इस दौरान उन्हें कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों, महिला बीट अधिकारियों और चौकियों की ओर से सीतामढ़ी, गोपीगंज, ज्ञानपुर, भदोही समेत अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को छेड़छाड़, उत्पीड़न और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। साथ ही पाक्सो एक्ट, महिला अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर सुरक्षा का भरोसा दिलाया।