ताराजीवनपुर। क्षेत्र के बसरतिया गांव में लगा 63 केवी का ट्रांसफार्मर एक सप्ताह पूर्व जल गया था। वर्कशॉप से दो बार ट्रांसफार्मर आया जरूर लेकिन दोनों बार जला हुआ निकला। शनिवार को दूसरी बार जला ट्रांसफार्मर भेजने की जानकारी होने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और जले ट्रांसफॉर्मर की गाड़ी वापस नहीं भेजने का दबाव बनाने लगे। देर शाम विभागीय अधिकारियों के दूसरा ट्रांसफार्मर शीघ्र भेजे जाने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर ले जाने दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि नया ट्रांसफार्मर आने के बाद ही जले ट्रांसफर्मर को जाने दिया जाएगा। आरोप लगाया कि दीपावली के दिनों में भी गांव के दर्जनों घर एक सप्ताह से अंधेरे में जीवन बसर करने को विवश हैं। एक ओर शासन उपभोक्ताओ को ध्यान में रखकर जला ट्रांसफार्मर शीघ्र बदलने का दावा कर रहा है तो वहीं दूसरी ओर विभागीय अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं। अधिकारी वर्कशाप की जिम्मेदारी बता पल्ला झाड़ ले रहे हैं जिससे उपभोक्ताओ को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्कशाप के जेई बार-बार जला ट्रांसफॉर्मर भेजकर ग्रामीणों को परेशान कर रहे हैं। शिकायत सुनने के बजाय टालमटोल कर रहे हैं। चेताया कि यदि नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस संबंध में जेई रामसिंह ने बताया कि रविवार को नया ट्रांसफार्मर लगवा दिया जाएगा। हंगामा करने वालों में दीपक कुमार, पवन मिश्रा, काशी मिश्रा, बिंद्रा, हरेंद्र यादव, विकास कुमार आदि रहे।