फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhadohi News: माधोसिंह से सहसेपुर तक चार किमी लंबा जाम, घंटों फंसे श्रद्धालु

विज्ञापन
विज्ञापन
प्रयागराज महाकुंभ का पलट प्रवाह का असर जिले में भी देखने को मिल रहा है। श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच बृहस्पतिवार को माधोसिंह रेलवे फाटक से सहसेपुर तक चार किमी लंबा जबरदस्त जाम का असर देखा गया। विंध्याचल से काशी विश्वनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं का रेला उमड़ने के कारण लगे जाम को छुड़ाने में पुलिस प्रशासन के पसीने छूट गए। एसपी के निर्देश पर अस्थायी पुलिस की बैरिकेडिंग लगाकर मार्ग को डिवाइड किया गया। जिसके बाद आवागमन सुगम हुआ।
विज्ञापन

प्रयागराम महाकुंभ में इन दिनों लाखों श्रद्धालु संगम स्थान को पहुंच रहे हैं। वहां से लौटने के बाद अन्य प्रांतों और दूरस्थ जिले के लोग काशी विश्वनाथ और मां विध्यवासिनी के दर्शन को पहुंच रहे हैं। इन दोनों धार्मिक स्थलों पर लाखों श्रद्धालुओं का रेला उमड़ रहा है। यहां जाने के लिए वाराणसी-प्रयागराज हाईवे प्रमुख मार्ग है, जो जिले की सीमा को जोड़ता है। वहीं मिर्जापुर के शास्त्री पुल से होते हुए औराई आना वाला मार्ग मां विंध्यवासिनी धाम को जोड़ता है। जिस कारण इन दोनों रूटों पर जबरदस्त वाहनों का दबाव बढ़ा है।
स्थिति यह है कि बड़े वाहन न चलने के बाद भी बृहस्पतिवार को माधोसिंह रेलवे फाटक से सहसेपुर तक चार किमी लंबा जाम लग गया। इसमें अधिकतर यात्री विंध्यवासिनी धाम से लौटकर काशी विश्वनाथ धाम जा रहे थे। चार किमी तक लगे वाहनों की कतार को निकालने में पुलिस प्रशासन को पसीने छूट गए। प्रशासन ने काफी मशक्कत के बाद वाहनों को निकाला।
विज्ञापन

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल सड़क के बीच पुलिस की बैरिकेडिंग लगाकर सड़क को दो भागों में बांटवाया। जिसके बाद करीब तीन घंटे के बाद आवागमन सुगम हो सका। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि वहां रेलवे फाटक होने और मार्ग पर डिवाइडर न होने के कारण अधिक समस्या हो रही है। फिलहाल वहां पुलिस की बैरिकेडिंग लगाकर सड़क को दो भागों में बांटा गया है। जिसके बाद आवागमन सुचारू हो सका है।

डीएम ने संभाली कमान, फाटक गिरने से पहले अनाउंस करने के दिए निर्देश

ज्ञानपुर। विंध्याचल होकर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के कारण औराई-मिर्जापुर मार्ग व माधोसिंह क्षेत्र में जाम की स्थिति से गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। इसकी सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विशाल सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने कमान संभालते हुए यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं फाटक गिरने से पहले नियमित रूप से अनाउंस करते रहने के निर्देश दिए। दरअसल विंध्याचल में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मिर्जापुर प्रशासन ने चिल्ह में ही समय-समय पर कुछ देर के लिए गाड़ियों को रोक दिया। ट्रेनों के आवागमन के लिए भी समय-समय पर रेल फाटक बंद होती रही, जिससे जाम की स्थिति बन गई। डीएम ने फाटक पर लगे पुलिसकर्मी को निर्देशित किया कि ट्रेनों के आवागमन के समय फाटक बंद होने की सूचना पहले से प्राप्त कर अनाउंस करते रहें। जिससे यात्रियों को स्पष्ट पता चले कि कितनी देर बाद फाटक खुलेगा। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें