। जौनपुर में गई बारात में हुई मारपीट में नगर के एक युवक की बुधवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक को मंगलवार की अल सुबह गंभीर हाल में नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मौत की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रख कर सड़क जाम कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक तेजबीर सिंह ने मौके पर पहुंच कर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम भदोही नगर के जलालपुर मोहल्ले से एक बारात ग्राम सैदोपुर थाना नेवढ़िया जिला जौनपुर गई थी। पुलिस के अनुसार रात में ही बारात में किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। जिसमें 38 वर्षीय अनिल कुमार सरोज पुत्र रतन सरोज निवासी जलालपुर को सर, कंधे और पेट में गंभीर चोट लगने के बाद उसी रात भोर में निजी अस्पताल लाया गया था। जहां उपचार के दौरान बुधवार को सुबह लगभग 6 बजे उसने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना होते ही मृतक के परिजन और मोहल्ले से दर्जनों की संख्या में लोगों ने पहुंच कर शव भदोही-जौनपुर बाइपास मार्ग पर रख कर सड़क जाम कर दिया। आरोप था कि नोवढ़िया पुलिस ने उनका मुकदमा लिखने के बजाए बैरंग लौटा दिया। जिससे लोग और भड़क गए और सड़क जाम करने को मजबूर होना पड़ा। लोगों ने बताया कि सड़क यातायात प्रभावित लगभग दो घंटे तक प्रभावित रहा तथा हाईवे होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। इसकी जानकारी होते ही अपर पुलिस अधीक्षक तेजबीर सिंह और सीओ अजय चौहान पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए और किसी तरह लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर जाम समाप्त कराया। भदोही कोतवाली प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि सड़क यातायात विशेष प्रभावित नहीं हो सका। समय से मौके पर पहुंच कर परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।