शाम के समय आसमान में छाया बादल। संवाद
ज्ञानपुर। जिले में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। बृहस्पतिवार की देर रात तेज हवा संग विभिन्न क्षेत्रों हल्की बूंदाबांदी हुई। शुक्रवार सुबह से ही मौसम का मिला-जुला रुख देखने को मिला।
धूप-छांव की स्थिति बनी रही। कहीं रिमझिम बारिश हुई तो कहीं बिना बरसे ही बादल निकल गए। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में एक डिग्री की कमी आई है। तापमान 34 की अपेक्षा 33 डिग्री सेल्सियस देखा गया। वहीं मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। जिले में मानसून मेहरबान है। पिछले कुछ दिनों से हल्की से मध्यम बारिश का दौर चल रहा है। बृहस्पतिवार की रात और शुक्रवार को दिन में मोढ, कस्तूरीपुर, चौगुना, गोपीपुर, सुरियावां, अरबना, अभिया, मेढ़ी, महजूदा, कसियापुर, बदलीपुर, दुर्गागंज आदि स्थानों हल्की से मध्यम बारिश हुई। जबकि जिले के अन्य स्थानों पर बादल ललचा कर निकल गए। बारिश होने से लोगों को उमस से राहत मिली। औराई, गोपीगंज, ज्ञानपुर क्षेत्र में सुबह से ही बादल मंडराते रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। किसान विनय बिंद, विनय सरोज ने बताया कि रिमझिम बारिश धान के लिए फायदेमंद है। तेज बारिश होने से सब्जी की फसल को नुकसान हो सकता है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजीत चतुर्वेदी ने अगले दो दिनों तक हल्की बारिश की संभावना जताई है।