भदोही। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस मनाया गया। स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय में साफ सफाई की और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रुस्तम अली ने स्वयंसेवकों को एनएसएस के इतिहास के बारे में बताया। कहा कि एनएसएस की स्थापना आज ही के दिन वर्ष 1969 में हुई थी। राष्ट्रीय सेवा योजना की पृष्ठभूमि, इसके उद्देश्यों और इसके आदर्श वाक्य में पहले मैं नहीं, बल्कि पहले आप को प्रमुखता दी गई है। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंकिता तिवारी के निर्देशन में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका विषय पर भाषण प्रतियोगिता तथा पर्यावरण विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित में विद्यार्थियों ने बड़े ही उत्साह से भाग लिया। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. माया ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप जलाकर और एनएसएस के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को पुरस्कृत किया गया तथा राष्ट्र सेवा के शपथ के संकल्प के साथ समापन किया गया।