घोसिया। नगर के वार्ड नंबर एक में आयोजित सात दिवसीय घोसिया प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को प्रयागराज और माधोसिंह के बीच मुकाबला हुआ। जिसमें कांटे के मुकाबले में प्रयागराज ने तीन विकेट से जीत हासिल कर अगले राउंड में प्रवेश किया।
टॉस जीत कर माधोसिंह ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। प्रयागराज की धारदार गेंदबाजी के आगे माधोसिंह के खिलाड़ी संघर्ष करते नजर आए। निर्धारित आठ ओवर के मैच में पूरी टीम सातवें ओवर में ही 24 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जवाब में बैटिंग करने उतरी प्रयागराज की टीम भी लड़खड़ा गई और छोटे स्कोर का पीछा करते हुए उसके पसीने छूट गए। माधोसिंह की शानदार गेंदबाजी के आगे प्रयागराज के खिलाड़ी संघर्ष करते नजर आए। हालांकि कांटे के मुकाबले में प्रयागराज की टीम आठवें ओवर में किसी तरह सात विकेट खोकर 25 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। तीन विकेट से मैच जीतकर अगले राउंड में प्रवेश किया। इस दौरान फैजान, अरमान, साहिल, अशरफ, सलवान आदि मौजूद रहे।