ज्ञानपुर में जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज के बाहर खड़े होमगार्ड अभ्यर्थी। संवाद
ज्ञानपुर। जिले में तीन दिवसीय होमगार्ड भर्ती परीक्षा शनिवार को छह केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई। पहले दिन केंद्रों पर गहन जांच के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। दोनों पालियों में पंजीकृत 4992 अभ्यर्थियों में से 1293 अनुपस्थित रहे। अभ्यर्थियों को सामान्य अध्ययन और गणित के प्रश्नों ने खूब उलझाया।
शनिवार को सुबह आठ बजे से ही विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय और जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज के केंद्र पर अभ्यर्थी पहुंचने लगे। मुख्य गेट पर बायोमेट्रिक जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली में अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक परीक्षा हुई। इस दौरान ज्ञानपुर के दुर्गागंज तिराहा, काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय के अलावा अन्य केंद्रों के आसपास पर्याप्त मात्रा में पुलिस के जवान तैनात रहे। डीएम शैलेष कुमार, एसपी अभिनव त्यागी, एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एएसपी शुभम अग्रवाल ने काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय, वीएनजीआईसी केंद्र पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। प्राचार्य को पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा कराने के निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि पहली पाली में पंजीकृत 2496 अभ्यर्थियों में से 1841 उपस्थित हुए और 655 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में पंजीकृत 2496 अभ्यर्थियों में से 1858 उपस्थित और 638 अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में कुल 74.44 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे और 25.56 फीसदी ने परीक्षा छोड़ दी। उन्होंने बताया कि 26 और 27 अप्रैल को भी सभी छह केंद्रों पर दोनों पालियों में परीक्षा होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान का कहना है कि जिले के सभी केेंद्रों पर पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा सम्पन्न हुई। केेंद्रों पर शांतिपूर्वक तरीके से अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों की टीम लगातार जांच करती रही।