नईबाजार में नालियों पर कब्जा किए चबूतरों को तोड़ते नगर पंचायत कर्मी।
- फोटो : BHADOHI
जिला प्रशासन नगरीय क्षेत्रों में अतिक्रमण को लेकर सख्त है। इस क्रम में सभी निकायों द्वारा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को नगर पंचायत प्रशासन नई बाजार की ओर से नगरीय क्षेत्र में अतिक्रमण हटवाया गया। पहले दिन ईदगाह से लेकर बाजार तक सड़क की पटरियों पर कब्जा किए लोगों के खिलाफ अभियान चला। इस दौरान दर्जनों चबूतरों, टिन शेड और दुकानें हटवाई गईं।
सुबह 10 बजे अधिशासी अधिकारी संजय सरोज एक दर्जन से अधिक कर्मियों संग ईदगाह तिराहे पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि नगर पंचायत की नालियों को अतिक्रमण मुक्त कराना है। इसके बाद दोपहर 2 बजे तक लोग अतिक्रमण हटाते रहे। अभियान को देखते हुए बहुत से पटरी दुकानदारों ने स्वयं अपनी दुकानें हटा लीं। इस दौरान नालियों पर कब्जा किए कई चबूतरों और सीढ़ियों को तोड़ गया। ईओ ने कहा कि मंगलवार से अभियान चलाने की चेतावनी चार दिन से दी जा रही है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों से लोगों को बार-बार सूचित भी किया गया। लोगों को आज भी अल्टीमेटम दिया गया कि यदि नगर पंचायत को अतिक्रमण हटाना पड़ा तो जुर्माना भी वसूला जाएगा साथ ही अतिक्रमण हटाने का खर्च भी वसूला जाएगा। बताया कि अभियान निरंतर चलता रहेगा।