वाराणसी-प्रयागराज हाईवे समेत सहायक मार्गों के किनारे नो पार्किंग के नियम का पालन न होने से कड़ाके की ठंड और कोहरे में दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है। शनिवार की रात ऊंज थाना क्षेत्र के कलिंजरा-कोइरौना मोड़ स्थित अंडरपास के समीप नो पार्किंग में खड़े ट्रक से टकराकर वाराणसी की ओर जा रही एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। घायल अवस्था में कार सवारों के भाग जाने से उनका पता तक आस-पास के लोग नहीं लगा सके। वेदपुर नहर मार्ग पर ठंड के कारण अनियंत्रित हुई बाइकों की टक्कर में दो लोग घायल हुए, जिनका इलाज जिला अस्पताल हुआ।
राहगीर मनीष सिंह, सुशील सिंह आदि ने कहा कि ठंड में नो पार्किंग का कड़ाई के साथ पालन करने के लिए एसपी ने तीन दिन पूर्व ही निर्देश दिया था। शुक्रवार को भोर में राजस्थान से कपड़े का बंडल लादकर वाराणसी की ओर जा रहा कंटेनर नो पार्किंग में खड़े दूसरे कंटेनर से टक्कर होने पर चालक-खलासी की जलकर मौत हो गई थी। इसके पूर्व अन्य दिनों में भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व राजमार्ग पर सिक्स लेन का 90 फीसदी से अधिक काम पूरा होने पर प्राधिकरण की तरफ से ावागमन शुरू कराकर टोल फ्री दस्ते से पूर्वी सीमा बाबूसराय, पश्चिमी सीमा ऊंज तक निगरानी कराई जाती है। दस्ते में तैनात कर्मचारी सुबह नो पार्किंग में खड़े वाहनों को हटवाते हैं, दस्ता के आगे बढ़ने पर ही नो पार्किंग का उल्लंघन शुरू हो जाता है। इसका उदाहरण भी जंगीगंज-धनतुलसी मोड़, वहिदानगर-मतेथू मोड़, ऊंज-कलिंजरा अंडरपास ब्रिज, गोपीगंज में गिराई, लालानगर टोलप्लाजा आदि पर देखा जा सकता है। परियोजना प्रबंधक एनएचएआई एके राय ने बताया कि एसपी के निर्देशों का पालन कर राजमार्ग पर नो पार्किंग के उल्लंघन वाले 15 स्थानों को चिह्नित कर रिपोर्ट तैयार की गई है। एसपी डा.अनिल कुमार ने बताया कि नो पार्किंग का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस टीम नजर रख रही है। तीन-चार दिनों में बड़ी कार्रवाई सामने आएगी।