फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच घंटे जाम में जकड़ा रहा व्यावसायिक नगर

Tue, 31 May 2016 01:38 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला ,भदोही
विज्ञापन
गोपीगंज के खरहट्टी मोहाल में लगा जाम।
विज्ञापन
 जिले का महत्वपूर्ण व्यावसायिक नगर गोपीगंज सोमवार को पांच घंटे तक भीषण जाम में उलझा रहा। हाईवे से लेकर नगर के छोटे-बड़े लगभग सभी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार के बीच लोग जाम से जूझते रहे। चिलचिलाती धूप में जगह-जगह रेंगते वाहनों के शोरगुल और हॉर्न के पों-पों से लोग झल्ला उठे। कहीं नो इंट्री में वाहनों का धड़ल्ले से प्रवेश, कहीं अतिक्रमण तो कहीं बेतरतीब पार्किंग जाम की समस्या की मुख्य वजह बनी। 
विज्ञापन

सोमवार को खरहट्टी मोहाल में पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। इसमें भी सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर बाद तीन बजे तक भीषण जाम लगा रहा। इस दौरान लोगों का सड़क पर पैदल चलना भी दूभर हो गया। इसके अलावा मिर्जापुर रोड, मुख्य मार्ग और बड़ा चौराहे पर भी लोग जाम की समस्या से जूझते रहे। नगरवासियों का कहना है कि पहले मिर्जापुर तिराहे पर बैरियर के पास और केड़वरिया रेलवे फाटक के पास नो इंट्री का पालन कराने के लिए पुलिस की ड्यूटी लगाई जाती थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से पुलिस इसका पालन नहीं करवा पा रही। जीटी रोड से सीधे जुड़े रहने के कारण जिले के व्यावसायिक नगर गोपीगंज में जिले के विभिन्न हिस्सों के लोगों के अलावा वाराणसी, इलाहाबाद, मिर्जापुर आदि जिलों के व्यवसायी भी कारोबार के सिलसिले में आते-जाते रहते हैं। लोगों की भीड़ और हमेशा गुलजार रहने वाले नगर में जाम आए दिन की समस्या बन गई है। इसके पीछे मुख्य वजह यह है कि पुलिस की सुस्ती की वजह से बड़े वाहन चालकों ने नगर में नो इंट्री के नियम को मजाक बना लिया है। बानगी के तौर पर अंजही मोहाल, खरहट्टी मोहाल और सदर मोहाल में सुबह आठ बजे से लेकर रात आठ बजे तक नो इंट्री रहती है और बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगी रहती है। लेकिन, पिछले कुछ दिनों से वाहन चालकों ने इस नियम को तोड़ना शुरू कर दिया है और लगातार वाहन नो इंट्री जोन में प्रवेश कर रहे हैं। इसका खामियाजा इन इलाकों की यातायात व्यवस्था को भुगतना पड़ रहा है। नगरवासियों ने कहा कि इस समस्या को लेकर संजीदगी से नहीं सोचा गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। 
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें