सरई राजपुतानी में अस्पताल सील करते गोपीगंज अधीक्षक। स्रोत विभाग
- फोटो : 1
ज्ञानपुर। जिले में बीते दस दिन में दो अलग-अलग निजी अस्पतालों में दो महिलाओं की मौत होने के बाद स्वास्थ्य महकमा जागा है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सरई राजपुतानी में बिना लाइसेंस के किराए के भवन में संचालित सीता अस्पताल को सीज कर दिया। वहीं, चौरी के आद्या कटरा में बिना पंजीकरण क्लीनिक चला रहे झोलाछाप संजय मंडल पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई। जिले में बीते 10 दिन में औराई के उपरौठा गांव की एक प्रसूता और बाबूसराय के न्यू ममता अस्पताल में ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई थी। इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। बृहस्पतिवार को एसडीएम न्यायिक ज्ञानपुर शिव प्रकाश यादव और सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने सरई राजपुतानी स्थित सीता अस्पताल को सीज कर दिया। टीम को देखते ही अस्पताल के कर्मचारी भाग गए। यहां दो महिलाओं निधि (26) निवासी मिर्जापुर और सुशीला (45) निवासी फुलवारी जौनपुर का ऑपरेशन किया गया था। दोनों को महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। टीम में डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष दुबे, गोपीगंज अधीक्षक डॉ. आशुतोष पांडेय, अजित पाठक, आलोक वर्मा आदि रहे।
जिले में निजी क्लीनिकों व अस्पतालों की जांच चल रही है। इसी कड़ी में शिकायत के आधार पर न्यायकि एसडीएम ज्ञानपुर के साथ मौके पर पहुंचे। अस्पताल के सारे कर्मचारी भाग गए। कोई मिला नहीं, इसका पंजीकरण नहीं है, जिसे सील कर दिया गया है। संचालक कौन है। इसका पता लगाया जा रहा है। वहीं एक बिना पंजीकरण कर चले अस्पताल के झोलाछप पर प्राथमिकी भी दर्ज कराया गया है।
- डॉ. एसके चक, सीएमओ भदोही