जन विश्वास यात्रा में शामिल होने के लिए 28 दिसंबर को जिले में आ रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार होने लगा है। प्रशासन और पुलिस के अफसरों की सूची फाइनल की जा रही है। गृह मंत्री के आगमन के मद्देनजर मंत्रालय से जुड़े अफसरों की चहलकदमी भी बढ़ गई है।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली जा रही जन विश्वास यात्रा भदोही जिले में 27 दिसंबर को पहुंचेगी। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में रैली होगी और यात्रा का स्वागत किया जाएगा। अगले दिन 28 दिसंबर को ज्ञानपुर के बीएनजीआईसी में जनसभा होगी। उसमें मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आएंगे। केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा संग अन्य तैयारियां प्रशासन व पुलिस के आला अफसरों ने कर ली है। बृहस्पतिवार को जिले में वार्षिक निरीक्षण करने पहुंचे डीआईजी ने भी पुलिस महकमे के अधिकारियों को अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था का निर्देश दिया। इसके अलावा कई जिलास्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है।