ज्ञानपुर नगर में दोपहर के समय हो रही बरसात l संवाद
ज्ञानपुर। जिले में बृहस्पतिवार को करीब दो सप्ताह बाद अच्छी बारिश दर्ज हुई। पछुआ हवाओं के प्रभाव से रात के समय दो से तीन बार रूक-रूक बारिश हुई। वहीं दोपहर एक बजे के बाद करीब एक घंटे तक बारिश हुई।
बारिश से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस से राहत मिली। हालांकि अब भी किसानों के अपेक्षानुरूप बारिश नहीं हो सकी है। बृहस्पतिवार को आठ एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश से तीन डिग्री अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिले में जुलाई में औसत से करीब 60 फीसदी कम बारिश हुई है। शुरुआती तीन दिनों तक अच्छी बरसात के बाद छिटपुट बारिश से ही लोगों को संतोष करना पड़ा है। हालांकि करीब दो सप्ताह बृहस्पतिवार को कुछ हद तक लोगों को राहत मिली है। बुधवार की पूरी रात जहां रुक-रुक कर बरसात होती रही। वहीं बृहस्पतिवार की सुबह ही आसमान बादलों से भरा रहा। पूरे दिन आसमान में बादल घिरे रहे।
दोपहर करीब एक बजे के आसपास ज्ञानपुर, गोपीगंज, सुरियावां, अभोली, दुर्गागंज और भदोही जैसे इलाकों में करीब एक घंटे तक मध्यम गति से बरसात होती है। कृषि विज्ञान केन्द्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजीत चतुर्वेदी ने बताया कि अलनीनो के प्रभाव के कारण छिटपुट बारिश ही देखने को मिली है। बताया कि बृहस्पतिवार को दिन और रात में बरसात होने से अधिकतम तापमान तीन डिग्री गिरकर 29 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री पर स्थिर रहा। आगामी दिनों में मौसम का असर फिलहाल ऐसे ही देखने को मिलेगा। संवाद