ज्ञानपुर कोतवाली के असनांव चौकी के सामने वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक ने हेड कांस्टेबल के अंगूठा को दांत से काट लिया। पुलिस ने पीड़ित हेड कांस्टेबल की शिकायत पर युवक पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रभारी निरीक्षक राम सरीख गौतम ने बताया कि 13 नवंबर को पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। कोतवाली के असनांव चौकी के सामने हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार चौकी प्रभारी हरिकेश सिंह और अन्य कर्मचारियों के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मल्लूपुर निवासी सुंदर दूबे वहां आया और चेकिंग का विरोध करने लगा। उसने पुलिसकर्मियों को गाली दी। जब उसे रोका गया तो उसने हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार के बाएं हाथ के अंगूठे को काट लिया। अंगूठे का एक पोर कटकर अलग हो गया। जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। इस बीच आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी ने सरकारी कार्य में बाधा डाली और पुलिसकर्मी को गंभीर चोट पहुंचाई है। मामले में युवक पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। युवक की तलाश की जा रही है।
अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन। आर्काइव