भदोही। जिले में जीएसटी विभाग के पास एक भी मोबाइल दस्ता उपलब्ध नहीं है। इस कमी के कारण विभाग का जांच अभियान प्रभावित हो रहा है। सचल मोबाइल दस्ता सक्रिय न होने से जीएसटी चोरी करने वालों से होने वाली राजस्व वसूली भी प्रभावित हो रही है। विभाग की ओर से जिले में मोबाइल दस्ते की मांग की गई है। जिले में करीब 22931 जीएसटी धारक पंजीकृत हैं। हर जिले में जीएसटी विभाग के पास मोबाइल दस्ता मौजूद रहता है। जिसके माध्यम से जीएसटी अधिकारी जिलेभर में भ्रमणशील रहकर जीएसटी चोरी करने वाले वाहनों को पकड़ने का काम करते हैं। विंध्याचल मंडल के मिर्जापुर और सोनभद्र में तीन-तीन मोबाइल दस्ता है।
इन दस्तों की टीमें लगातार बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करती हैं। भदोही में ऐसी टीम न होने से अनियमितताओं पर अंकुश लगाना कठिन हो गया है। कर चोरी करने वाले व्यापारियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। दस्ते के अभाव में संदिग्ध लेनदेन और फर्जी बिलिंग की जांच नहीं हो पाती है। जीएसटी विभाग के डिप्टी कमिश्नर संजय सिंह ने बताया कि जिले में मोबाइल दस्ते आवश्यकता है। इसके कारण फर्जी बिलिंग आदि की जांच प्रभावित होती है। इसको लेकर उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। मोबाइल दस्ता मिलेगा तो राजस्व वसूली में भी तेजी आ सकेगी।