ज्ञानपुर/ गोपीगंज (भदोही)। कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन के पांचवें दिन रविवार को भी गरीबों की मदद के लिए लोगों ने हाथ बढ़ाया। सामाजिक संगठनों, व्यापारी, सभासद, ग्राम प्रधानों से लेकर पुलिस-प्रशासन भी गरीबों तक भोजन, राशन पहुंचा रहे हैं।
ज्ञानपुर के परशुरामपुर की मुसहर बस्ती में ग्राम प्रधान शरद कुमार दूबे ने 25 लोगों के खाने-पीने की व्यवस्था की। इस मौके पर लेखपाल बेलाल अहमद, सूर्य प्रकाश मिश्रा, सुरेश यादव, आरिफ आदि रहे। व्यापार मंडल गोपीगंज की ओर से विभिन्न बस्तियों में रविवार को भोजन पहुंचाने संग 30 कुंतल से अधिक खाद्य पदार्थों का वितरण किया। मौके पर कोतवाल कृष्णानंद राय, चौकी इंचार्ज दयाशंकर ओझा की देखरेख में श्रीकांत जायसवाल, सिराज अख्तर, शुभम पाठक ने बड़े शिवमंदिर, मुसहर बस्ती, रेलवे क्रॉसिंग, मिर्जापुर रोड बरदवारी, कठौता मोड मुसहर बस्ती, सोनखरी, ज्ञानपुर रोड मुसहर बस्ती, रेलवे स्टेशन ज्ञानपुर रोड आदि स्थानों पर लोगों की मदद की। नगर पालिका वार्ड नंबर 13 के मुकेश बिंद ने 100 पैकेट, बड़े शिव मंदिर पर संजय जायसवाल, ओमकार जायसवाल, गुप्तेश्वर जायसवाल, अमित गुप्ता ने 15 कुंतल आटा, दाल, चावल, चीनी, चाय पत्ती, नमक, आलू ,प्याज, तेल, घी जरूरतमंदों को दिया। रियावां क्षेत्र के पूरे खुशहाल में प्रधान की ओर से 200 वनवासियों को राशन वितरित हुआ।
अभोली के गुआली में ग्राम प्रधान राकेश कुमार पाल, रामअवतार मौर्य ने 30 गरीब और दिहाड़ी मजदूरों में चावल, तेल, नमक, सब्जी, आलू, आटा दिया। लोकमानपुर गांव में शिवम बिल्डिंग मैटेरियल की ओर से ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों में शिवम तिवारी ने 5-5 किलो गेहूं, चावल, 1-1 किलो दाल, 1-1 लीटर सरसों का तेल दिया। इसी तरह जंगीगंज के कलनुआ, महुआरी के वनवासी बस्ती में व्यापार मंडल और चौकी पुलिस चौकी के सहयोग से गरीबों, मजदूरों में राशन वितरित किया गया। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष जयदयाल मोदनवाल जगत, अनुज गुप्ता, अनीस अली बिकानू रहे। नगर पंचायत घोसिया में चेयरमैन रजिया नुमान, समाजसेवी नुमान अहमद ने दर्जनों गरीब और मजदूर परिवारों को खाद्य सामग्री दी गई। इसी तरह जेठूपुर में प्रधान राजेश यादव, सहसेपुर, अमीरपट्टी, मुक्तापुर, कैयरमऊ, उपरौठ के प्रधानों ने गरीब परिवारों को आटा, तेल, मसाला, सब्जी, दाल आदि देकर लॉकडाउन के समर्थन का आह्वान किया।
सिंहपुर सुरियावां की मुसहर बस्ती में सीओ भदोही भूषण वर्मा, थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, श्रीराम यादव, संतोष उपाध्याय, केशव प्रसाद आदि लोगों ने पहुंच कर खाने के सामान वितरित किए। अभोली के मकनपुर-रोही में प्रधान शीतला प्रसाद मिश्रा ने वनवासी और सरोज बस्ती के परिवारों में चावल, दाल, आटा, आलू, सरसों तेल, नमक, हल्दी, मसाला, धनिया बांटे। इस मौके पर सेक्रेटरी संजीव पांडेय, आरडी मिश्रा, लेखपाल हंसराज यादव रहे। दयालपुर-मसुधी में भी 40 वनवासी परिवारों को प्रभारी निरीक्षक ख़ुर्शीद अंसारी, प्रधान पुत्र गामा पांडेय ने दाल, तेल, नमक, साबुन वितरित कर कोरोना वायरस से बचने की नसीहत दी।