भदोही। बीडा के मास्टर प्लान का निस्तारण करना कमेटी के लिए चुनौती साबित हो रहा है। नोटिस के सापेक्ष महज 40 से 50 प्रतिशत लोग उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। सप्ताह के अंतिम दिन शनिवार को 675 आपत्तिकर्ताओं के सापेक्ष 360 लोगों ने उपस्थिति दर्ज कराई थी। वहीं 268 के सापेक्ष महज 123 लोग पहुंचे थे।
भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) की महायोजना-2041 के विरोध में दर्ज आपत्तियों के निस्तारण का सिलसिला 16 दिसंबर से शुरू हुआ है। बीडा की उपकार्यपालक अधिकारी अनीता देवी ने दावा किया कि अधिकतर आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है। कुछ लोगों की आपत्तियों पर चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया गया कि शिकायतों का संतोषजनक समाधान किया जाएगा। सोमवार को 123 लोगों की सुनवाई हुई। उन्होंने बताया कि समस्त आपत्तियों का निस्तारण सुनिश्चित करने के बाद ही महायोजना की फाइल आगे जाएगी। कहा कि 28 दिसंबर तक सभी की सुनवाई की जाएगी। इसके बाद आवश्यकता पड़ी तो मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देशानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।