औराई। महराजगंज बाजार का प्रसिद्घ भरत मिलाप बृहस्पतिवार की रात कोरोना गाइड लाइन में संपन्न हो गया। मुख्यअतिथि औराई विधायक दीनानाथ भास्कर ने भरतमिलाप का शुभारंभ कर प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
रात लगभग नौ बजे चौरा माता मंदिर से प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी का रथ दुर्गा स्वरुप झांकी के साथ निकला। रात 11 बजे जूनियर हाईस्कूल के समीप बने मंच पर चारो भाइयों का मिलन होते ही भक्तों ने फूलों की वर्षा कर जयकारा लगाया। लंका पर विजय प्राप्त कर जब प्रभु श्रीराम भाइयों के साथ अयोध्या लौटते हैं उस समय खुशियां ही खुशियां रही। मेले में आए मेलार्थियों ने दुकानों पर पहुंच कर खरीदारी की। बच्चों ने खेल-खिलौने, महिलाओं ने गृहस्थी के सामान, युवा वर्ग खानपान की ओर रुख कर जरुरत पूरी की। सुरक्षा की दृष्टि से प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह टीम के साथ मेला क्षेत्र का चक्रमण किया। मेला को संपन्न कराने में कमेटी अध्यक्ष उत्पल दूबे, अनिल मिश्रा, दिनेश जायसवाल, मंशाराम जायसवाल, राजेश जायसवाल, सुशील मिश्रा, धनजंय दूबे, राजकुमार सेठ, राजकुमार गुप्ता, शिवशंकर जायसवाल, सुरेंद्र विश्वकर्मा, योगेश अग्रहरि, राजेश जायसवाल आदि मौजूद थे।