ज्ञानपुर। नगर पंचायत घोसिया में करीब चार करोड़ की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में तैयार प्रस्ताव को जिला स्तर से मंजूरी मिल गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर कार्यों को पूरा कराने का काम होगा। इसमें पेयजल, जल निकासी, स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने का काम प्राथमिकता से किया जाएगा।
जिले की दो नगर पालिका और पांच नगर पंचायत में घोसिया हाईवे पर स्थित है। घनी आबादी वाली इस नगर पंचायत में तमाम काम ऐसे हैं जो सालों से अधूरे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष बेबी बानो की अध्यक्षता में कुछ माह पूर्व बोर्ड की बैठक में करीब 10 करोड़ का प्रस्ताव बनाया गया था, हालांकि जिला कमेटी की ओर से चार करोड़ के कार्य को स्वीकृति मिल गई है। इससे नगर के सभी वार्डों में एक-एक वाटर कूलर, पेयजल व्यवस्था के लिए सबमर्सिबल, वार्डों में पाइपलाइन, विस्तार से हर घरों में पानी पहुंचाने, बिजली कटौती को देखते हुए जनरेटर से बिजली विस्तार, नगर पंचायत घोसिया के विभिन्न चौराहों, तिराहों के साथ ही साथ सार्वजनिक स्थलों मन्दिर-मस्जिद, कब्रिस्तानों का सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसके अलावा कच्चे मार्ग की जगह इंटरलाकिंग भी कराए जाएंगे। चेयरमैन के प्रतिनिधि और पूर्व चेयरमैन अबरार अली ने बताया कि चार करोड़ के कार्य की मंजूरी मिली है। टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही विकास कार्य को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए एक एंबुलेंस स्वीकृत हुआ है। जिससे नगर में बीमार लोगाें को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी।