जिले की तीन तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। भदोही तहसील में डीएम शैलेष कुमार और एसपी अभिनव त्यागी ने लोगों की समस्याएं सुनीं।
डीएम ने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से निपटारा करने का निर्देश दिया। एसपी अभिनव त्यागी ने कहा कि राजस्व के मामलों में कानूनगो, लेखपाल और पुलिस की संयुक्त टीम स्थलीय निरीक्षण, सत्यापन कर एक सप्ताह के अंदर निस्तारण कराएं। भदोही तहसील में समाधान दिवस पर विभिन्न विभागों से संबंधित 64 मामले आए। इनमें से आठ का निस्तारण किया गया। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने आगाह किया कि कई मामलों में शिकायतकर्ताओं की संतोषजनक आख्या प्राप्त नहीं हो रही है, इसके कारण प्रकरणों को पुनः जांच के लिए अधिकारियों को वापस भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि न्यायालय में विचाराधीन मामलों को छोड़कर बाकी शिकायतों का निस्तारण आपसी सहमति, निष्पक्ष जांच एवं तथ्यों के आधार पर किया जाना चाहिए।
एसपी ने कहा कि राजस्व के मामलों में स्थलीय निरीक्षण व सत्यापन करके शिकायकर्ता को संतुष्ट करें। उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि जो मामले या विवाद बार–बार आ रहे है, उनकी सूची बनाकर पुलिस के साथ मिलकर उसका निस्तारण करना सुनिश्चित कराएं।
उधर, समाधान दिवस पर ज्ञानपुर तहसील में 35 शिकायतें आईं। इनमें से 5 मामलों का मौके पर निपटारा किया गया। औराई में 88 शिकायतें आईं। मौके पर इनमें से छह का निस्तारण किया गया। इस दौरान सीडीओ बाल गोविंद शुक्ला, सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक, डीपीआरओ संजय कुमार मिश्रा, मौजूद रहे।