ज्ञानपुर। जिलाधिकारी शैलेष कुमार और एसपी अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक हुई। इसमें उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारित करने पर जोर दिया गया।
डीएम ने नवरात्र, रामलीला, भरत मिलाप मेला पर्व के मद्देनजर एक्सईएन विद्युत को निर्देश दिया कि जर्जर तारों को बदल लें। स्वयं फील्ड में निकलें और समस्याओं का निराकरण कराएं। त्योहार के दाैरान लोगों को समस्याएं न हों। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण को निर्देश दिया कि खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत कराएं। अधिकारियों से कहा कि व्यापारियों और उद्यमियों के प्रति सहयोगात्मक रुख अपनाया जाए। उनके लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित कराया जाए। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत ब्लॉकों में लंबित आवेदनों को निस्तारित कराएं। सुरियावां में 30 और ज्ञानपुर में 31 आवेदन लंबित होने पर बीडीओ को हिदायत दिया।
सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा करते हुए एलडीएम को निर्देश दिया कि जिन बैंको की प्रगति खराब है, उन बैंकों के नोडल अधिकारी अगली बैठक में आएं। कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष सीएम युवा अभियान को अधिक से अधिक स्वीकृत करें। जिलाधिकारी ने व्यापारियों से जुड़े मामलों पर गंभीरता से सक्रिय होने की हिदायत मातहतों को दी। इस मौके पर आयुक्त उद्योग आशुतोष सहाय पाठक, निर्यातक पीयूष बरनवाल, नीरज जायसवाल, चेयरमैन घनश्यामदास गुप्ता, राकेश वर्मा, अवधेश उमर, रवि जायसवाल, शेषधर आदि रहे। संवाद