सीतामढ़ी में आकर्षक रूप से सजाया गया माँ सीता मंदिर। संवाद
ज्ञानपुर/सीतामढ़ी। नवरात्र के पहले दिन सोमवार को जिले के विभिन्न देवी मंदिरों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह ही श्रद्धालुओं ने स्नान ध्यान कर मां के दरबार में मत्था टेका। विधिविधान से आदि शक्ति मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की उपासना कर श्रद्धालुओं ने सुख समृद्धि की कामना की। धार्मिक स्थल सीतामढ़ी मंदिर पर दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं गांव के चौरा माता मंदिर पर व्रती महिलाएं सामूहिक रूप से पचरा गीत गाए। घरों से लेकर मंदिर में मंत्रोच्चार के बीच शुभ मुहूर्त में कलश पूजन किया गया। सीतामढ़ी के मां सीता मंदिर को आकर्षक लाइटों से सजाया गया है। सायंकालीन बेला में मंदिर की आकर्षक साज सज्जा देख श्रद्धालु और सैलानी मंत्रमुग्ध हो गए। मंदिर के प्रबंधक कैलाश चंद्र ने बताया कि पूरे नवरात्र मंदिर में दुर्गा सप्तशती पाठ, भजन, कीर्तन के साथ माता रानी की आरती और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चलेगा। इसी तरह भगवान हनुमान जी मंदिर में श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन चलेगा। महर्षि वाल्मीकि आश्रम स्थित प्राचीन सीता मंदिर, मौनीबाबा आश्रम के श्री सीताधाम मंदिर, दक्षिण मुखी मां दुर्गा मंदिर, उड़िया बाबा आश्रम स्थित मां दुर्गा मंदिर, बाबा धवासा नाथ मंदिर में नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का श्री गणेश हुआ। दूसरी ओर पूजा पंडाल को आयोजन समिति के सदस्य रंग बिरंगी झूमर लाइट, झालरों से सजाने में समिति के सदस्य जुटे रहे। ज्ञानपुर के घोपइला माता मंदिर पर सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे। महिलाओं ने सामूहिक रूप से पचरा गाया। पूजा पंडाल में भक्ति गीत पर श्रद्धालु थिरकने को मजबूर हो गए। जैसे मोरे घरे आव हे देवी मइया..., मइया का मुखड़ा निहाल कईले बा..., एक दो दिन चार मइया जी के जय जयकार... आदि गीत बजे। गोपीगंज नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में भोर से ही देवी मंदिरों पर श्रद्धालु कतारबद्ध हो गए। नवरात्र के पहले दिन नगर के मंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़ रही। व्रतियों ने घरों में कलश स्थापना की। सदर मोहाल के मां दुर्गा जी मंदिर, पश्चिम मोहाल स्थित चौरा माता मंदिर, पसियान मोहाल की मां बंबा देवी मंदिर, ज्ञानपुर रोड के शीतला देवी मंदिर समेत जगन्नाथपुर, गोपपुर, लालानगर, सारीपुर, धनापुर, सुजातपुर, सीखापुर, कौलापुर देवी मंदिरों समेत अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। गोपीगंज बाजार में गहमागहमी रही। प्रसाद, फलों की दुकानें गुलजार रहीं।
सीतामढ़ी में आकर्षक रूप से सजाया गया माँ सीता मंदिर। संवाद
सीतामढ़ी में आकर्षक रूप से सजाया गया माँ सीता मंदिर। संवाद