लालानगर। गोपीगंज कोतवाली के राजमार्ग स्थित बस स्टैंड के पास एक रिहायशी मकान मकान में बुधवार को रात उस समय चीख-पुकार शुरू हो गई जब गैस रिसाव से आग लग गई। आग से तीन सिलिंडर फट गए। जानकारी मिलने पर पहुंचे पुलिस के जवानों के साथ नगरवासियों ने कड़ी मेहनत कर आग बुझाने में सफलता पाई। फायर ब्रिगेड सूचना के बाद भी नहीं पहुंच सका।
हाजी दिलबहार का मकान राजमार्ग बस स्टैंड के समीप है। जिसमें कई लोग किराए पर रहते हैं। किराएदार सुनील सिंह की पत्नी रेखा सिंह रात में खाना बनाने के लिए जैसे ही रसोई घर में माचिस जलाया, गैस रिसाव के चलते सिलिंडर में आग पकड़ लिया। शोरगुल मचाने पर अन्य किराएदारों में हड़कंप मच गया और वह आनन-फानन में कमरों से निकलकर बाहर खड़े हो गए। सुनील सिंह ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना देकर जल रहे तीन सिलिंडरों को उठाकर तालाब में फेंक दिया और वह तेज आवाज के साथ फट गए। आग से रसोई घर समेत कमरों में रखे सामान जल गए। सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची। जिसको लेकर लोगों में नाराजगी दिखी। लोगों का कहना था कि मूंसीलाटपुर और औराई केंद्र के वाहन मतदान कार्मिक प्रशिक्षण परिसर, स्ट्रांग कक्ष के आस-पास अग्निशमन वाहनों को खड़ा कर कोरम पूरा किया जा रहा है। अग्निशमन अधिकारी ओमप्रकाश का कहना है कि सूचना मिलने पर वाहन भेजा गया था, लेकिन आग बुझ जाने से लौटाना पड़ा।