मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में हुई बैठक में कृषि, उद्यान, गो आश्रय स्थल पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा कर प्रगति जानी। इस दौरान उन्होंने चारागाह की भूमि पर अवैध कब्जे को 15 दिनों के अंदर हटाने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाअभियान (पीएम कुसुम) सोलर पंप योजना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे किसान जिन्होंन छह इंच की बोरिंग करा ली हैं, वे ऑनलाइन आवेदन करें। इसमें 60 फीसदी अनुदान सरकार देगी। उन्होंने बायो पेस्टिसाइड्स, बायो नेचुरल साइडस नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र, प्राकृतिक खेती आदि पर बल दिया।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी उप जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर 15 दिन में चारागाह की भूमि पशुपालन विभाग को हैंड ओवर कराएं।
जिला उद्यान अधिकारी ममता सिंह यादव ने उद्यान विभाग की चल रही एकीकृत बागवानी विकास मिशन, अनुसूचित जाति/जनजाति औद्यानिक विकास योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, नमामि गंगे, पौधशाला पीएमएफएमई सहित आदि योजनाओं के प्रगति की जानकारी दी। मत्स्य विभाग के वरिष्ठ मत्स्य निरीक्षक प्रमोद आदर्श ने तालाबों के 10 वर्षीय पट्टा आवंटन की जानकारी दी।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डीपी ने हर ब्लॉक में कम से कम एक वृहद गो संरक्षण केंद्र स्थापित करने पर बल दिया।