यूपी बोर्ड परीक्षा धीरे-धीरे समापन की ओर बढ़ गई है। प्रशासन की तमाम सख्ती के बाद भी परीक्षा केंद्रों पर नकल थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को सचल दस्तों ने चार छात्रों को नकल करने के आरोप में रस्टीकेट कर दिया। दोनों पालियों में 1061 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं स्नातक की परीक्षा में दोनों पालियों में 15 छात्र-छात्राएं गैर हाजिर रहे।
हाईस्कूल की परीक्षा खत्म होने के बाद अब सिर्फ इंटरमीडिएट की परीक्षाएं दोनों पालियों में चल रही है।
शुक्रवार को प्रथम पाली में इंटरमीडिएट संस्कृत प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 7344 में से 6683 परीक्षार्थी उपस्थित और 657 अनुपस्थित रहे। डीआईओएस संतोष कुमार मिश्र के सचल दस्ते ने कालिका इंटर कॉलेज कोइरौना में एक छात्र को रस्टीकेट किया। महर्षि गार्गेय इंटर कॉलेज कृपालपुर विसौली में डायट प्राचार्य के सचल दस्ते ने एक छात्र को रस्टीकेट किया। इसी तरह सरस्वती सेवा समिति इंटर कॉलेज असईपुर में दो छात्रों को नकल करते पकड़े जाने पर रस्टीकेट किया गया।
दूसरी पाली में इंटरमीडिएट गणित द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 6657 में 407 अनुपस्थित रहे, जबकि गणित प्रारंभिक सांख्यिकी द्वितीय प्रश्नपत्र में पंजीकृत सभी 18 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। इसी तरह महाविद्यालयीय परीक्षा में दोनों पालियों में 15 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।केएनपीजी कॉलेज में प्रथम पाली में बीए तृतीय वर्ष अर्थशास्त्र और बीए प्रथम वर्ष मनोविज्ञान विषय की परीक्षा हुई। इसमें 222 उपस्थित और तीन अनुपस्थित रहे।
पहली पाली में विश्वविद्यालय का उड़ाका दल भी महाविद्यालय में पहुंचा, लेकिन सबकुछ ठीक-ठाक मिला। दूसरी पाली में बीएससी तृतीय वर्ष गणित और जंतु विज्ञान, बीएससी द्वितीय वर्ष का भौतिक और वनस्पति जबकि बीए द्वितीय वर्ष में समाजशास्त्र की परीक्षा हुई। इसमें 679 परीक्षार्थी उपस्थित और 12 अनुपस्थित रहे।