017 का विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब निकाय चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। जिले में दो नगर पालिकाओं और पांच नगर पंचायतों में चेयरमैन और सभासद के लिए चुनाव होगा। शासन से भले ही चुनाव की अधिसूचना जारी नहीं हुई है, लेकिन प्रशासनिक स्तर से मतदाता सूची से लेकर चुनाव से जुड़े अन्य कार्यों को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। निकाय चुनाव में इस बार एक लाख 64 हजार वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले के अफसरों की सूची मांगी है।
देश में लोकसभा, विधानसभा, पंचायत चुनाव की तरह नगरीय इलाकों में विकास कार्यों के लिए सभासद और अध्यक्ष का चुनाव होता है। 2012 विधानसभा चुनाव के बाद निकाय चुनाव हुआ था। अब 2017 का विस चुनाव खत्म होने के बाद नगरीय इलाकों में निकाय चुनाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है।अध्यक्ष और सभासद पद के संभावित दावेदार मतदाताओं को येन-केन प्रकारेण लुुुुभाने में जुट गए हैं।
विस चुनाव के बाद पंचस्थानीय निर्वाचन विभाग निकाय चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। निकाय चुनाव की मतदाता सूची करीब-करीब पूरी कर ली गई है। आगामी निकाय चुनाव के लिए जो मतदाता सूची तैयार की गई है, उसके अनुसार एक लाख 64 हजार 423 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।इसमें नगर पालिका भदोही में 74255 मतदाता, नगर पालिका गोपीगंज में 23124, नगर पंचायत नई बाजार में 10367, नगर पंचायत सुरियावां में 13679, नगर पंचायत ज्ञानपुर में 9948, नगर पंचायत घोसिया में 15050 और नगर पंचायत खमरिया में 18002 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय डीएस शुक्ला ने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों की सूची मांगी है। उच्चाधिकारियों की ओर से उसे भेजा जाएगा। चुनाव की अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है, लेकिन तैयारी विभागीय स्तर से हो रही है।